न अलाव न रैन बसेरा, सर्दी में ठिठुर रहे लोग
बुलंदशहर। बारिश के बाद बढ़ी ठंड से निपटने को नगर पालिका की ओर से अभी तक अलाव जलाने के कोई इंतजाम नहीं किए हैं। इसके चलते सार्वजनिक स्थानों पर मुसाफिर व मजदूर ठिठुरने को मजबूर हैं।
बुधवार को सुबह सर्द हवाओं के बीच कोहरे पड़ने के चलते बाइक, रिक्शा व साइकिल सवार ठिठुरते हुए नजर आए। इस दौरान सबसे अधिक परेशानी गरीब लोगों को हुई। लोगों ने बताया कि नगर पालिका परिषद की ओर से अभी तक रैन बसेरा व अलाव की व्यवस्था नहीं की गई है। ऐसे में वह ठिठुरने को मजबूर हैं। इधर प्राइवेट बस स्टैंडों व अन्य प्रमुख स्थानों पर दुकानदारों व अन्य लोगों की ओर से खुद अलाव की व्यवस्था की जा रही हैं। नगर पालिका चेयरमैन मनोज गर्ग ने बताया कि अफसरों को अलाव व रैन बसेरा के इंतजाम करने के आदेश दिए हैं। शीघ्र ही व्यवस्था कर लोगों को राहत दिलाई जाएगी।