बाइक रैली से जनसभा में पहुंचे अन्ना हजारे
औरंगाबाद । औरंगाबाद में बुधवार को अन्ना हजारे के पहुंचते ही नवीन अनाज मंडी के सामने युवाओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इसके बाद वहां से दर्जनों बाइकों के साथ करीब दो घंटे की देरी से जनसभा स्थल पहुंचे। यहां उन्होंने 40 मिनट तक लोगों को संबोधित किया। अन्ना हजारे के मंच पर पहुंचते ही एनपीएस स्कूल के प्रबंधक अंकुर अग्रवाल के निर्देशन में छात्राओं ने स्वागत गीत पेश गाया।
मनमोहन को 70 तो मोदी को लिखे 30 पत्र
इस दौरान अन्ना हजारे ने कहा कि देश में लोकपाल बिल पारित करने के लिये पूर्व की मनमोहन सरकार को 70 पत्र लिखे थे। इसके अलावा अब मोदी सरकार को तीन साल के भीतर 30 पत्र भेजे गए हैं, जिनका आज तक कोई जवाब नहीं आया है। अन्ना ने देश के लोगों के सामने 23 मार्च को सरकार से जवाब देने की मांग की। उन्होंने कहा कि अविवाहित जीवन बहुत कठिन है। क्योंकि मन बड़ा चंचल होता है, इसने विश्वामित्र को धोखा दे दिया था। मेरी नकल मत करो, शादी करो, परिवार बढ़ाओ, समाज और देश को अपना बनाओ। अन्ना ने युवाओं को चरित्र निर्माण पर ध्यान देने, आचार-विचार शुद्ध रखने, त्याग करने, निष्कलंक जीवन जीने की सलाह दी। आंदोलन के दौरान शादीशुदा लोग जेल नहीं जाएंगे, क्योंकि उनके पत्नी बच्चे हैं। इस दौरान भाकियू के मंडलाध्यक्ष मांगेराम त्यागी, इरफान अली, जगमाल सिंह मावई, ज्ञानेंद्र गुर्जर, सावित्री देवी, मोहित गुर्जर, लोकेश गुर्जर, रवि सैनी, नसीर पहलवान, ओंकार गुर्जर, विनोद प्रधान, सतपाल गुर्जर, समीर अहमद, अखिल अग्रवाल, गौरव सिंघल, लक्खी महासे, रोहित लोधी, पवन लोधी आदि मौजूद रहे।