दिवाली से पहले दूधिया रोशनी से जगमग होगा शहर
- 381 सोडियम लाइटों के स्थान पर लगेंगी एलईडी लाइटें
- डूडा विभाग नगर पालिका को देगा 381 एलईडी लाइटें
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। दिवाली से पूर्व पूरा शहर दूधिया रोशनी से जगमग हो जाएगा। डीएम ने डूडा विभाग से 381 एलईडी लाइटें नगर पालिका को देने के आदेश दिए हैं। इन लाइटों को शहर के मुख्य मार्गों पर लगाया जाएगा। जबकि मुख्य मार्गों पर लगी सोडियम लाइटों को उतार लिया जाएगा।
शहर को दूधिया रोशनी से जगमग करने के लिए डीएम ने आदेश जारी किए हैं। डीएम ने डूडा विभाग से 381 लाइटों को नगर पालिका को हैंडओवर करने के आदेश दिए हैं। डीएम ने आदेश जारी कर इन लाइटों में से काला आम लाल डिग्गी से डीएम रोड होते हुए रेलवे लाइन तक 120 लाइटें, काला आम स्थित गांधी बाल निकेतन से अंसारी रोड तक दोनों ओर 30 लाइटें, अंसारी रोड से डीएवी फ्लाईओवर तक 26 लाइटें, डीएवी फ्लाईओवर से गुल गार्डन तक 67 लाइटें, अंसारी रोड बाजार में 8 लाइटें, रोडवेज वर्कशॉप से मामन चौकी तक 16 लाइटें, मामन चौकी से भूतेश्वर मंदिर होते हुए बाईपास चौराहे तक 12 लाइटें, मामन चौकी से बूरा बाजार चौराहे तक 33 लाइटें, अंसारी रोड से अंबर सिनेमा होते हुए डिप्टी गंज चौराहे तक 18 लाइटें, मेरठ बस स्टैंड से काली नदी रोड होते हुए स्याना अड्डा चौराहे तक 51 लाइटें लगाई जाएंगी। इसके अलावा नगर में पॉलीथिन प्रयोग के खिलाफ अभियान चलाने के आदेश नगर पालिका अफसरों को दिए गए हैं। बैठक में एडीएम प्रशासन अरविंद कुमार मिश्र, पीओ डूडा एएम खान, प्रदूषण विभाग व नगर पालिका अफसर मौजूद रहे।