यूपीटीईटी: परीक्षा केंद्रों पर रहेगी कड़ी सुरक्षा, लगी धारा 144
- डीएम के आदेशानुसार 100 मीटर की परिधि में नहीं भटकेगा कोई
- फोटो स्टेट आदि की नहीं खुलेंगी दुकानें, एक जगह एकत्रित नहीं होंगे लोग
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। कल रविवार को होने वाली यूपीटीईटी परीक्षा कड़ी सुरक्षा के बीच होगी। डीएम ने आदेश जारी कर इस दिन परीक्षा के मद्देनजर धारा 144 लागू कर दी है। वहीं, दूसरी ओर परीक्षा को लेकर सभी व्यापक तैयारियां पूरी हो चुकी हैं।
शिक्षक पात्रता परीक्षा को शांतिपूर्वक और नकल रहित करवाने के लिए प्रशासन और शिक्षा विभाग की ओर से पिछले काफी दिनों से तैयारी चल रही हैं। परीक्षा 16 परीक्षा केंद्रों पर होगी। परीक्षा के मद्देनजर मजिस्ट्रेट और पर्यवेक्षक आदि की ड्यूटी लगा दी है। डीएम डॉ. रोशन जैकब ने धारा 144 लागू करते हुए आदेश जारी किया है कि 15 अक्टूबर को सभी परीक्षा केंद्रों की 100 मीटर की परिधि में कोई प्रवेश नहीं कर पाएगा। आसपास की फोटो स्टेट आदि की दुकान नहीं खुलेंगी और एक जगह दो से अधिक लोग एकत्रित नहीं होंगे। परीक्षा केंद्रों पर पुलिस तैनात रहेगी और किसी ने धारा 144 के आदेश की अवहेलना की तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। डीआईओएस मनोज कुमार आर्य के अनुसार परीक्षा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। किसी को भी कानून हाथ में नहीं लेने दिया जाएगा।
.......................
परीक्षा की होगी वीडियोग्राफी
टीईटी परीक्षा की वीडियोग्राफी होगी। इसके साथ ही जिस समय प्रश्नपत्रों के बंडल खुलेंगे, उसकी भी वीडियोग्राफी की जाएगी। परीक्षा नियंत्रक का आदेश है कि प्रश्नपत्रों और परीक्षा की वीडियोग्राफी की सीडी बनाकर उत्तर पुस्तिका सील करने के लिए बनाए जाने वाले बंडल में पैक करनी होगी। यदि किसी परीक्षा केेंद्र ने अनदेखी की तो कार्रवाई होगी।
....................
वर्ष 2013-14 का नहीं हुआ रिजल्ट घोषित, परीक्षा देने वाले रह सकते हैं वंचित
टीईटी परीक्षा में वर्ष 2013-14 में बीएड करने वाले छात्र-छात्राओं ने भागीदारी करने के लिए आवेदन किया है। मगर, वह परीक्षा से वंचित रह सकते हैं। क्योंकि उनका अभी तक रिजल्ट घोषित नहीं हुआ है और उनके पास बीएड का प्रमाणपत्र नहीं होने के कारण परीक्षा में बैठने का मौका खोना पड़ सकता है। क्योंकि इस बार बिना बीएड के प्रमाणपत्र दिखाए परीक्षा में बैठने पर पाबंदी लगा दी है।
12 हजार की नियुक्ति वाले अभ्यर्थियों के सामने भी आ सकती है परेशानी
बेसिक शिक्षा विभाग में पिछले दिनों 12 हजार शिक्षकों की नियुक्ति पर रोक लगी हुई है। यह मामला कोर्ट में विचाराधीन है। इन सभी अभ्यर्थियों के शैक्षणिक कागाजत विभिन्न जिलों के बीएसए कार्यालय में जमा हैं। इसमें शामिल जिन अभ्यर्थियों ने परीक्षा देने को आवेदन किया था, उनके सामने भी परेशानी आ सकती है। बीएसए अजीत कुमार का कहना है कि ऐसे अभ्यर्थी के पास बीएसए कार्यालय में जमा किए गए कागजात की स्लिप होगी। वह इस स्लिम को संबंधित जिले के बीएसए से सत्यापित करा लें, ताकि वह परीक्षा से वंचित न रहें।
----------
अभ्यर्थी एक प्रवेशपत्र व परीक्षा केंद्र दो
- अभ्यर्थी पशोपेश में किस परीक्षा केंद्र पर देगा परीक्षा
अमर उजाला ब्यूरो
अनूपशहर। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा में लापरवाही की इंतहा हो रही है। परीक्षा नियामक अथारिटी ने एक ही अभ्यर्थी के एक ही रोल नंबर व एक ही पंजीकरण नंबर होने के बाद भी उसके दो प्रवेशपत्र जारी कर दिए। अभ्यर्थी पशोपेश में है कि वह किस परीक्षा केंद्र पर परीक्षा देगा।
इनमें एक ही विद्यालय के नाम के अलग-अलग स्थानों के दो परीक्षा केंद्र बना दिए हैं, जिससे परीक्षार्थी सही परीक्षा केंद्र को लेकर परेशान है। गांव हिसावटी निवासी समायोजित शिक्षामित्र श्वेता वर्मा ने यूपीटीईटी परीक्षा का फार्म भरा है, जिसक ी परीक्षा 15 अक्टूबर को होनी है। श्वेता वर्मा को एक ही रोल नंबर पर दो प्रवेशपत्र मिले हैं, जिसमें एक प्रवेश पत्र में परीक्षा केंद्र दिल्ली पब्लिक स्कूल बुलंदशहर थाना कोतवाली देहात है। जबकि दूसरे प्रवेश पत्र में परीक्षा केंद्र दिल्ली पब्लिक स्कूल थाना कोतवाली देहात खुर्जा है। श्वेता वर्मा ने बताया कि इनमें से कौन सा परीक्षा केंद्र सही है, इसे लेकर संशय बना हुआ है। डीआइओएस मनोज कुमार आर्य का कहना है कि परीक्षा के लिए बुलंदशहर के थाना देहात क्षेत्र में पड़ने वाले दिल्ली पब्लिक स्कूल को बनाया गया है। गलती से पहले थाना क्षेत्र देहात खुर्जा हो गया था। इस गलती को सुधार लिया गया है। अभ्यर्थी बुलंदशहर स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल में ही परीक्षा देंगी।