बिना मान्यता चल रहा विद्यालय कराया बंद
- एडीआईओएस की जांच में हुआ खुलासा
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर।
बिना मान्यता चल रहे एक विद्यालय को बंद कराने के आदेश जारी हो गए हैं। इस विद्यालय का खुलासा एडीआईओएस की जांच में हुआ। गांव शिवाली स्थित यह विद्यालय कक्षा 12 तक चल रहा था।
एडीआईओएस डॉ. पूरन सिंह ने बताया कि जिले में बिना मान्यता प्राप्त शिक्षण संस्थानों को बंद कराने के लिए अभियान जारी है। इसी अभियान के तहत उन्होंने गांव शिवाली स्थित बाबा अकादमी पब्लिक स्कूल का निरीक्षण किया। जब स्कूल संचालक से मान्यता संबंधी कागजात दिखाने के लिए कहा तो वह उपलब्ध करवाने में असमर्थ रहा। जांच में सामने आया कि इस स्कूल के पास मान्यता नहीं है और बिना मान्यता के ही चल रहा है। इस पर उन्होंने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस विद्यालय को बंद कराने के आदेश जारी कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में यह स्कूल खोला गया तो संचालक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के साथ जुर्माना वसूला जाएगा। उन्होंने बताया कि शिक्षण संस्थानों का निरीक्षण जारी है और जिस भी विद्यालय की मान्यता नहीं मिलेगी तो उसे शासन के आदेश का पालन करते हुए बंद कराया जाएगा।