सीसीएसयू आज जारी करेगी कट ऑफ लिस्ट
- यूजी और पीजी की रिक्त सीटों पर होना है एडमिशन
- लिस्ट जारी होने के बाद कल से होंगे एडमिशन शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर।
सीएसएसयू यूजी और पीजी की रिक्त सीटों पर एडमिशन के लिए मंगलवार को कट ऑफ लिस्ट जारी करेगी। लिस्ट जारी होने के बाद बुधवार से कॉलेजों में एडमिशन शुरू हो जाएंगे, जो 25 अगस्त तक जारी रहेंगे। इसके लिए कॉलेजों ने तैयारी कर ली है।
सीसीएसयू ने यूजी की तीन और पीजी कक्षाओं में एडमिशन के लिए दो कट ऑफ लिस्ट जारी की थी। इसके बाद रिक्त सीटों पर कॉलेजों को ओपन मेरिट बनाकर एडमिशन करने का मौका दिया। इसके बाद भी सीट रिक्त रह गई और विवि ने कॉलेजों को दूसरी ओपन मेरिट बनाकर एडमिशन करने के आदेश दिए। मगर, यह आदेश अब विवि ने वापस लेते हुए आखिरी कट ऑफ लिस्ट जारी करने का निर्णय लिया है। विवि मंगलवार को लिस्ट जारी कर देगा और बुधवार से एडमिशन शुरू हो जाएंगे। डीएवी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. विकास शर्मा ने बताया कि विवि की ओर से आखिरी कट ऑफ लिस्ट जारी होगी। इसलिए इस लिस्ट में शामिल छात्र-छात्राएं अपना एडमिशन हरहाल में करवा लें। अन्यथा इसके बाद कोई दूसरा मौका नहीं मिलेगा।
विवि के बार-बार आदेश से सब असमंजस में
यूजी और पीजी में एडमिशन को लेकर विवि के बार-बार आदेश से प्राध्यापक और विद्यार्थियों में असमंजस की स्थिति है। प्राध्यापकों का कहना है कि बार-बार किए जा रहे आदेश से एडमिशन में देरी हो रही है। वहीं छात्र-छात्राओं का कहना है कि उन्हें पता ही नहीं चल पाता कि विवि ने क्या आदेश जारी किए हैं। इसका पता उन्हें कॉलेज पहुंचने पर चलता है। ऐसा ही सोमवार को उस समय हुआ कि वह प्रोफार्मा जमा करने के लिए कॉलेज में पहुंचे। उन्हें पता चला कि अब प्रोफार्मा जमा नहीं होंगे और सीसीएसयू खुद ही कट ऑफ लिस्ट जारी करेगी। इससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा।