लापता सूफियान की बरामदगी के लिए प्रदर्शन
- एक माह पूर्व जिला महिला अस्पताल से लापता हुआ था बच्चा
- अफसरों ने लोगों से मांगा आठ दिन का समय
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर।
सोमवार दोपहर कलक्ट्रेट गेट पर अगवा बच्चे सूफियान की बरामदगी के लिए भाकियू अराजनैतिक के बैनर तले लोगों ने जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारी पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए करीब दो घंटे तक प्रदर्शन करते रहे। बाद में सिटी मजिस्ट्रेट ने आठ दिन का समय मांगे जाने पर गुस्साए लोग शांत हुए।
18 जुलाई को जिला महिला अस्पताल से पांच वर्षीय सूफियान पुत्र राशिद संदिग्ध परिस्थितियों में उस समय लापता हो गया था जब वह अपनी मां आसमा के साथ दवाई लेने आया था। बाद में जांच में पता चला था कि एक महिला बच्चे को बहला फुसलाकर ले गई थी। परिजनों ने इस संबंध में कोतवाली में रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी, लेकिन एक माह बाद भी बच्चे की बरामदगी न होने पर परिजनों ने नाराजगी जताते हुए सोमवार को जमकर हंगामा करते हुए पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। गुस्साए लोगों के समर्थन में भाकियू कार्यकर्ता भी आ गए। जिसके बाद पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लोगों ने जमकर प्रदर्शन किया। बाद में मौके पर पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट ने लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन गुस्साए लोग समझने को तैयार ही नहीं थे। घंटों की मशक्कत के बाद सिटी मजिस्ट्रेट ने लोगों से एक सप्ताह के अंदर बच्चे को बरामद करने का आश्वासन दिया। जिस पर गुस्साए लोग शांत हुए। इस मौके पर वीरपाल सिंह, हाजी नसीम, शोएब मलिक, शाहिद, रामभूल, डॉ. योगेन्द्र तोमर आदि मौजूद रहे।
बच्चे को बरामद करने वाले को दिया जाएगा इनाम
गुमशुदा सूफियान को तलाशने वाले को डीएम ने इनाम की घोषणा की है। डीएम डॉ. रोशन जैकब ने बताया कि जिस भी व्यक्ति को सूफियान के बारे में कोई जानकारी मिलती है वह तत्काल उनके नंबर 9454417563 और नगर कोतवाली के नंबर 9454403164 पर फोन कर जानकारी दे सकता है। डीएम ने बच्चे को सकुशल घर पहुंचाने वाले को उचित इनाम देने की घोषणा की है।