अनूपशहर चीनी मिल पर किसानों का 23 करोड़ 45 लाख बकाया
- सिंभावली मिल को 3.76 करोड़ और ब्रजनाथपुर मिल को 4.74 करोड़ का करना है भुगतान
- जिला गन्ना अधिकारी ने भुगतान के लिए मिलों के अफसरों से किया संपर्क
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर।
जिले के गन्ना किसानों का तीन चीनी मिलों पर अब भी करोड़ों रुपये बकाया है। सबसे अधिक राशि अनूपशहर चीनी मिल पर है। किसानों की राशि का भुगतान करवाने के लिए जिला गन्ना अधिकारी ने मिल अफसरों से संपर्क किया है।
जिले में गन्ना उत्पादक और चीनी मिलों से जुड़े किसानों की संख्या एक लाख के आसपास है। जिले के किसान अपना गन्ना अनूपशहर चीनी मिल, अनामिका चीनी मिल अगौता, साबितगढ़ चीनी मिल के अलावा हापुड़ की ब्रजनाथपुर चीनी मिल और सिंभावली चीनी मिल पर बेचते हैं। अनामिका चीनी मिल अगौता और साबितगढ़ चीनी मिल ने किसानों का गन्ना खरीद की राशि का शतप्रतिशत भुगतान कर दिया है। जबकि अनूपशहर शुगर मिल पर 23 करोड़ 45 लाख 20 हजार, सिंभावली चीनी मिल पर 3.76 करोड़ और ब्रजनाथपुर चीनी मिल पर 4.74 करोड़ रुपये बकाया है। बकाया राशि के भुगतान के लिए किसान मिल और जिला गन्ना अधिकारी कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं। जिला गन्ना अधिकारी एपी सिंह ने बताया कि अनूपशहर चीनी मिल के बकाया भुगतान के लिए अफसर लखनऊ पहुंच गए हैं। जल्द ही भुगतान की उम्मीद है। उन्होंने ब्रजनाथपुर और सिंभावली चीनी मिल के अफसरों से संपर्क कर किसानों के गन्ने का बकाया भुगतान जल्द करने के लिए कहा है।