बर्दाश्त नहीं होगा किसानों का शोषण : भाकियू
भारतीय किसान यूनियन ने शुक्रवार को राजेबाबू पार्क में पंचायत की। इसमें किसानों की समस्याएं उजागर कर अस्पतालों की पोल खोली गई। भाकियू नेताओं ने चेतावनी दी है कि किसानों का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
भाकियू संगठन के प्रदेश संगठन मंत्री नावेद पठान ने कहा कि शासन और प्रशासन की अनदेखी के कारण सरकारी अस्पतालों में दवा और डॉक्टरों का अभाव है।
किसानों की समस्याओं को दूर नहीं किया जा रहा है। प्रदेश उपाध्यक्ष कैप्टन यशवीर सिंह ने कहा कि किसानों की बिना सहमति के उनके नलकूपों के कनेक्शन पांच से बढ़ाकर 7.5 हॉस पॉवर करना निंदनीय है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जिलाध्यक्ष नरेंद्र सिंह उर्फ गुड्डू प्रधान ने कहा कि जिले के किसानों की समस्या के प्रति भाकियू सजग है और किसी भी स्तर पर किसानों का शोषण नहीं होने दिया जाएगा।
जिला संरक्षक गंगा प्रसाद पिलानिया ने कहा कि चीनी मिलों को बकाया गन्ना भुगतान तुरंत करना चाहिए। भाकियू संगठन आंदोलन चलाने को मजबूर होगा। जिला संयोजक ठा. मदनपाल सिंह ने रजवाहों में पानी टेल तक पहुंचाने की मांग की।
जिला प्रवक्ता प्रमोद शर्मा भगत ने बताया कि पंचायत में नगर कार्यकारिणी का गठन हुआ। इसमें बुलंदशहर का नगर अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह उर्फ लाला को मनोनीत किया गया।
पंचायत में जिला महासचिव जयगोपाल शर्मा, अनपूशहर तहसील अध्यक्ष प्रेमपाल सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष सत्यपाल सिंह, राजकुमार शर्मा, महेंद्र सिंह, नगेंद्र सिंह, अमरपाल सिंह और जिला प्रभारी तेजवीर सिंह आदि शामिल रहे।