नगर के सबसे बड़े अनूपशहर अड्डे बिजलीघर की ओसीबी बदलने के कारण सोमवार को 15 घंटे बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप रही। इससे करीब 10 हजार घर-दुकानों की बिजली आपूर्ति बाधित रही। रात 9.30 बजे बिजली आपूर्ति सुचारु की जा सकी।
नगर के अनूपशहर अड्डा बिजलीघर की ओसीबी सोमवार को बदली गई। ओसीबी बदलने के कारण सुबह छह बजे ही बिजलीघर से ब्रेकडाउन कर दिया गया। इससे बिजलीघर क्षेत्र के करीब आठ हजार घर और दो हजार दुकानों की बिजली आपूर्ति लगातार 15 घंटे ठप रही।
रात करीब साढ़े नौ बजे बिजली आपूर्ति सुचारु की जा सकी। बिजलीघर की ओसीबी में बार-बार आ रही तकनीकी खामियों को दूर करने के लिए इन्हें बदलकर इनके स्थान पर वीसीवी लगाई गईं। वहीं, 15 घंटे बिजली आपूर्ति ठप रहने से लोगों को काफी परेशानी हुई।
यहां गुल रही बिजली
बिजलीघर से जुड़े दो दर्जन से अधिक मोहल्लों और दो दर्जन गांवों की बिजली आपूर्ति दिनभर गुल रही। बिजलीघर से जुड़े अनूपशहर अड्डा, फैसलाबाद, स्याना अड्डा रोड, आवास विकास द्वितीय, टांडा, काली नदी रोड, कांशीराम आवासीय कालोनी, इस्लामाबाद के अलावा गांवा हीरापुर, उटरावली, हजरतपुर, मौसमगढ़, कलौली, मानकपुर, बगलापूठरी समेत दो दर्जन से ज्यादा गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित रही।
छपरावत में नए बिजलीघर का शिलान्यास
ग्राम छपरावत में 10 एमवीए के नये बिजलीघर का शिलान्यास सोमवार को पॉवर कॉरपोरेशन के अधीक्षण अभियंता राकेश कुमार कुशवाहा द्वारा किया गया। इस मौके पर हवन पूजन आयोजित किया गया। इस मौके पर पॉवर कॉरपोरेशन के अधिशासी अभियंता हरीश बंसल, एसडीओ विकास शर्मा, अवर अभियंता अजय कुमार, हिमांशु कुशवाहा आदि मौजूद रहे।
जेई अजय कुमार ने बताया कि नये बिजलीघर का निर्माण साल के अंत तक पूरा होने की उम्मीद है। यह बिजलीघर चालू होने से ग्राम छपरावत, खुशहालपुर, नबादा, नया बांस, खंडवाडहर, ऐंचाना, बरमदपुर आदि में विद्युत आपूर्ति में सुधार होगा तथा लो वोल्टेज से भी निजात मिलेगी।
भाकियू ने किया प्रदर्शन
करनपुर बिजलीघर के कर्मचारियों पर भ्रष्टाचार और अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने भाकियू के बैनर तले सोमवार को प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने बिजलीघर का घेराव कर एसडीओ व जेई को धरने पर बैठा लिया।
भाकियू के पूर्व जिलाध्यक्ष गंगाप्रसाद पिलानिया ने बताया कि बिजली चोरी के नाम पर की जा रही अवैध वसूली व फर्जी रिपोर्ट दर्ज कराने से ग्रामीणों में रोष है। वहीं, देर शाम बिजली अधिकारियों के आश्वासन पर किसान शांत हुए और धरना समाप्त कर दिया।
बिजलीघर की ओसीबी को बदला गया, जिसके कारण आपूर्ति ठप रही। ओसीबी बदलने के बाद रात करीब साढ़े नौ बजे बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई। - डीसी शर्मा, एक्सईएन बुलंदशहर