गर्भवती महिला को अस्पताल में प्रसव के लिए भर्ती नहीं कराने के मामले में तीन चिकित्सक-कर्मियों पर गाज गिरनी तय है। ड्यूटी पर मौजूद अन्य कर्मियों और चिकित्सकों के खिलाफ भी कार्रवाई हो सकती है।
चोला क्षेत्र के नगलावंशी गांव निवासी एक गर्भवती महिला को परिजनों ने वैर अस्पताल में प्रसव के लिए भर्ती कराया था। ड्यूटी पर तैनात स्टाफ व चिकित्सकाें ने महिला को अस्पताल में भर्ती नहीं किया था।
इसके कारण महिला ने अस्पताल में फर्श पर ही बच्चे को जन्म दे दिया था। प्रसव के दौरान नवजात के नीचे गिरने से उसकी मौत हो गई थी। इसके बाद परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया था।
परिजनों ने सड़क पर जाम लगा दिया था। मौके पर पहुंचे एसीएमओ ने परिजनों को कार्रवाई का भरोसा दिलाकर शांत किया था। सीएमओ के निर्देश पर हो रही जांच में सामने आया है कि ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों ने महिला को भर्ती करने में लापरवाही बरती।
इसके अलावा परिजनों से भी अभद्रता की गई। इन कर्मियों पर भी गाज गिरनी तय मानी जा रही है। इसके अलावा ड्यूटी पर तैनात अन्य चिकित्सकों और कर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।