सड़क दुर्घटना में पीएसी के जवान की मौत
कस्बा औरंगाबाद स्थित दरगाह से घर लौट रहे पीएसी के जवान की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। वहीं उसके साथ स्कूटी सवार युवक घायल हो गया। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज करवाई।
गढ़मुक्तेश्वर के नई बस्ती राजीव नगर निवासी कैलाशचंद (45) बृहस्पतिवार दोपहर औरंगाबाद स्थित दरगाह से स्कूटी से अपने घर लौट रहे थे। उनके साथ उनका भांजा हरिओम भी था।
दोपहर लगभग तीन बजे सनराइज स्कूल के पास किसी अज्ञात वाहन ने स्कूटी में टक्कर मार दी, जिससे पीएसी जवान कैलाशचंद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि भांजा हरिओम गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना पर कोतवाल कंचन चौधरी मौके पर पहुंचीं और घायल को अस्पताल भिजवाया। बताया जाता है कि कैलाशचंद पीएसी की नौवीं बटालियन में तैनात थे। घटना की रिपोर्ट पुत्र मूलचंद ने स्याना कोतवाली में दर्ज कराई है।