अधेड़ को बेहोश कर नकदी-ई-रिक्शा लूटा
बुलंदशहर की नई मंडी चौकी क्षेत्र के मोहल्ला नई बस्ती निवासी एक अधेड़ को बेहोश कर ई-रिक्शा और नकदी लूट ली। आरोपी बेहोशी की हालत में अधेड़ को ऊपरकोट स्थित पानी की टंकी के पास छोड़कर भाग गए।
परिजनों ने गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया। अधेड़ के पुत्र फैसलाबाद निवासी एक युवक पर शक जताते हुए एसएसपी को तहरीर दी है।
मोहल्ला नई बस्ती निवासी सोनू गिरि ने एसएसपी को दी तहरीर में बताया कि चार जुलाई की सुबह करीब आठ बजे घर पर फैसलाबाद निवासी एक परिचित युवक आया।
उसने पिता भीष्म गिरि से दो दिन के लिए ई-रिक्शा मांगा, लेकिन भीष्म गिरि ने मना कर दिया। थोड़ी देर बाद भीष्म गिरि ई-रिक्शा में सवारी बैठाकर चल दिए। इसी बीच आरोपी युवक भी रिक्शे में बैठकर गया।
आगे मंडी पहुंचने पर अन्य सवारियां रिक्शे से उतर गईं। फैसलाबाद निवासी युवक ने भीष्म गिरि को एक वस्तु सुंघा दी। जिससे वह बेहोश हो गए। शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने काफी तलाश किया।
नई मंडी चौकी पुलिस ने फैसलाबाद निवासी युवक को पूछताछ के लिए बुलाया तो उसके पास से नशे की गोलियां बरामद हुईं। इसी बीच परिजनों को फोन से भीष्म के ऊपरकोट स्थित पानी की टंकी के पास बेहोश पड़े होने की सूचना मिली।
परिजनों ने भीष्म को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। होश आने के बाद भीष्म ने परिजनों को बताया कि कुछ लोगों ने उससे पांच हजार रुपये, आधार कार्ड और ई-रिक्शा लूट लिया। पीड़ित ने एसएसपी को तहरीर देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।