बुलंदशहर।
संपूर्ण समाधान दिवस में शनिवार को अधिकारियों के सामने शिकायतों का अंबार लग गया, लेकिन शिकायत लेकर आए लोगों को मायूस होकर ही लौटना पड़ा। इस दौरान सातों तहसीलों में कुल 230 शिकायतें आईं, इनमें से मौके पर केवल 14 शिकायतों का निस्तारण हो सका।
शनिवार को एडीएम वित्त विवेक मिश्र की अध्यक्षता में सदर तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान गांव जैनपुर निवासी एक महिला ने एसएसपी श्लोक कुमार को शिकायत देकर आरोप लगाया कि पति शराब के नशे में आए दिन मारपीट करता है। कई बार समझाने के बाद भी जब नहीं माना तो पुलिस को शिकायत दी गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। एसएसपी ने देहात पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मौके पर कुल 26 फरियादियों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराई। इनमें से केवल तीन का मौके पर निस्तारण किया जा सका।
23 लोगों को दी शिकायत, सभी को मिला आश्वासन
खुर्जा तहसील परिसर में शनिवार को एसडीएम राकेश कुमार की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें 23 फरीयादी शिकायत लेकर पहुंचे। एक से दो घंटे तक इंतजार करने के बाद भी सभी फरियादियों को केवल आश्वासन मिला। मौके पर किसी भी शिकायत का निस्तारण न हो सका। इसमें 12 शिकायतें राजस्व, छह पुलिस, नगरपालिका एक, चकबंदी एक, विद्युत विभाग एक और दो अन्य विभागों की शिकायतें रहीं। सभी शिकायतों को संबंधित विभाग के अधिकारियों को एक सप्ताह में निस्तारित करने के निर्देश एसडीएम ने दिए। मौके पर शिकारपुर तहसील में एसडीएम अभिनव द्विवेदी के समक्ष कुल 14 शिकायतें आई, इनमें से दो का मौके पर निस्तारण और डिबाई तहसील में 11 में से केवल एक शिकायत का निस्तारण हुआ।
85 में से केवल दो शिकायतों का हुआ निस्तारण
अनूपशहर में एसडीएम नवीन कुमार की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिसका संचालन तहसीलदार संतोष कुमार ने किया। इस दौरान संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 85 शिकायतें दर्ज की गई, जिनमें से मौके पर दो शिकायतें निस्तारित की जा सकीं। एसडीएम नवीन कुमार ने शेष शिकायतों का समय से गुणवत्ता युक्त निस्तारण करने के निर्देश देते हुए कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता में शामिल है। उन्होंने निस्तारण की जानकारी फरियादियों को भी देने के निर्देश दिये। इस दौरान परियोजना निदेशक विनय, जिला गन्ना अधिकारी, जिला सेवायोजन अधिकारी,अधिशासी अभियंता विद्युत सौरभ झा, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ आनंद कुमार, नायब तहसीलदार खुशबू सिंह, खंड विकास अधिकारी मोकम सिंह,अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद अनूपशहर संजय वर्मा,एसडीओ बिजली कपिल, अरविंद कुमार उपस्थित रहे।
32 में से दो शिकायतें निपटीं
स्याना में संपूर्ण समाधान दिवस में शनिवार को एसडीएम के समक्ष कुल 32 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से मौके पर दो शिकायतों का ही निस्तारण किया गया। तहसीलदार ने अधीनस्थों को शेष शिकायतों का वरीयता से गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। नायब तहसीलदार विपिन वर्मा, सीएचसी प्रभारी डा. विपिन कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी बृजमोहन सिंह, ईओ नगर पालिका सेवाराम राजभर, कोतवाली प्रभारी शैलेंद्र प्रताप सिंह, एसडीओ विद्युत मनोज कुमार सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
सिकंदराबाद में 39 में से चार शिकायतों का निस्तारण
एसडीएम रेनू की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में 39 में से केवल चार शिकायतों का निस्तारण किया गया। इस दौरान 20 शिकायतें रेवेन्यू, 12 पुलिस और सात अन्य विभागों की मिली। लंबित शिकायतों का निस्तारण करने के लिए एसडीएम रेनू ने अधिकारियों को निर्देश दिए। मौके पर सीओ विकास प्रताप सिंह चौहान, तहसीलदार शिव अवतार सिंह मौजूद रहे।