सिकंदराबाद ब्लॉक प्रमुख के खिलाफ आया अविश्वास प्रस्ताव
- पांच लोगों ने ब्लॉक प्रमुख के पक्ष में तथा 73 ने किया विरोध में मतदान
- कुल 142 सदस्यों में से 84 से किया मतदान, एक वोट निरस्त
अमर उजाला ब्यूरो
सिकंदराबाद। शुक्रवार को सिकंदराबाद ब्लॉक प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव आ गया। अविश्वास प्रस्ताव को लेकर ब्लॉक में एसडीएम के समक्ष मतदान हुआ। मौजूदा ब्लॉक प्रमुख के समर्थन में केवल पांच मत पड़े जबकि 73 लोगों ने विपक्ष में वोट डाले। कुल 142 बीडीसी सदस्यों में से 84 ने मतदान किया, जबकि एक वोट निरस्त हो गया। वहीं ब्लॉक प्रमुख के पक्ष के लोगों ने चुनाव में धांधली का आरोप लगाया।
बता दें कि बीडीसी सदस्यों द्वारा ब्लॉक प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने पर डीएम ने मतदान कराने के निर्देश दिए थे। शुक्रवार को तहसील निर्वाचन अधिकारी एसडीएम की देखरेख में मतदान प्रक्रिया प्रारंभ हुई। सुबह करीब दस बजे ब्लॉक में बीडीसी सदस्यों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में सहमति नहीं बनने पर मतदान कराया गया। 142 बीडीसी सदस्यों में से 84 सदस्यों ने मतदान किया। 73 सदस्यों ने मौजूदा ब्लॉक प्रमुख के विपक्ष में तो पांच सदस्यों ने पक्ष में मतदान किया। वहीं मौजूद पांच अन्य सदस्यों ने मतदान नहीं किया। जबकि एक मत निरस्त हो गया। एसडीएम डॉ. शुभी सिंह काकन ने बताया कि मतदान में धांधली का आरोप निराधार है। ब्लॉक प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित हो गया है। इस दौरान तहसीलदार इंद्र नंदन सिंह, तहसील, ब्लॉक के अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे। सुरक्षा की दृष्टि से भारी पुलिस बल तैनात रहा।
डायवर्जन के बाद भी नहीं रुके वाहन
सिकंदराबाद। ब्लॉक प्रमुख के खिलाफ अविश्वास पर मतदान के चलते पुलिस ने रूट डायवर्ट किया था।
डायवर्जन के बाद भी नगर में बड़े वाहनों का प्रवेश नहीं रूक सका। जिसके चलते नगर में दोपहर चार बजे तक जाम के हालात बने रहे। लोगों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ा। नगर से गुजर रहे हाईवे के 15 मिनट के सफर को पूरा करने के करीब एक घंटा लगा।