पारोली गांव में बच्चे की मौत के बाद गमजदा परिजन। संवाद
शिकारपुर। कार सवार आरोपी विवेक ने सलेमपुर थाना क्षेत्र के गांव पारोली में शनिवार देर शाम 11 वर्षीय आहद की कुचलकर हत्या कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पहले कार से टक्कर मारने के बाद आरोपी ने बैक गियर लगाकर बच्चे को कुचल दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद से आरोपी फरार है।
सलेमपुर के गांव पारोली निवासी गुलशेर खान ने तहरीर देकर बताया कि उनका बेटा आहद गांव के ही स्कूल में कक्षा तीन का छात्र था। शनिवार देर शाम वह दुकान से सामान लेने गया था। उसी दौरान गांव आजमपुर दरियापुर निवासी विवेक तेज रफ्तार से कार लेकर आया और आहद को टक्कर मार दी। इससे वह सड़क पर गिर गया। इसके बाद आरोपी ने कार को बैक गियर में लाकर फिर से उसके ऊपर चढ़ा दिया। बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की। पीड़ित पिता की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपी के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि आरोपी ने जानबूझकर वारदात को अंजाम दिया है। रविवार को बालक के शव को सुपुर्द ए खाक कर दिया गया। थाना पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।
डेढ़ किलोमीटर दूर है आरोपी का गांव
ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी का गांव उनके गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर है। गांव की राजनीति में भी वह सक्रिय रहता है। आरोपी और मृतक पक्ष की कोई रंजिश अभी तक सामने नहीं आई है।
नशे में धुत था आरोपी
स्थानीय लोगों व ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी वारदात के वक्त नशे में धुत था। उसने बच्चे पर कार को तीन बार चढ़ाया था। पहली बार की टक्कर में वह घायल हुआ था। इसके बाद आरोपी ने कार को बैक कर दो बार उसके ऊपर चढ़ाया। इससे बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई।
तहरीर के आधार पर नामजद आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर वारदात का राजफाश कर दिया जाएगा। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना की भी चर्चा सामने आ रही है। जांच के बाद ही स्थिति पूर्ण रूप से स्पष्ट हो सकेगी। - श्लोक कुमार, एसएसपी