दातागंज। कोतवाली क्षेत्र के गांव रुकुमपुर निवासी एक युवक 19 फरवरी की रात संदिग्ध हालात में लापता हो गया। परिजन ने अपहरण की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी। गुमशुदगी दर्जकर पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
रुकुमपुर गांव निवासी 25 वर्षीय पिंटू सक्सेना 19 फरवरी की रात घर में सो रहा था। रात दो बजे किसी ने दरवाजा खटखटाकर उसे बाहर बुलाया। पिंटू अंडरवियर और बनियान पहने ही बाहर गया। तभी से उसका कहीं कुछ पता नहीं चल रहा है। परिजनों ने पुलिस को तहरीर दी।
युवक की पत्नी ने कुछ लोगों पर पति के अपहरण की आशंका जताई है, जिसके आधार पर पुलिस ने युवकों को कोतवाली बुलाकर पूछताछ की। पिंटू के तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं। उसका बड़ा भाई भगवान दास पंजाब में रहकर मजदूरी करता है।
सूचना मिलने पर वह भी गांव आ गया है। पुलिस की जांच में पता चला कि पिंटू ने कई लोगों से रुपये उधार ले रखे हैं। पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है। दातागंज कोतवाल गौरव बिश्नोई ने बताया की पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। युवक को जल्द ही बरामद कर लिया जाएगा।