दातागंज। थाना हजरतपुर के गांव जमालपुर निवासी रणजीत सिंह (24 वर्ष) पुत्र राकेश सिंह ने पारिवारिक कलह में हरियाणा के गुड़गांव में फंदे पर लटककर आत्महत्या कर ली।
मृतक के चाचा सत्येंद्र सिंह ने बताया कि रंजीत पिछले चार साल से गुड़गांव में रहकर किसी कंपनी में नौकरी किया करता था। डेढ़ साल पहले उसकी शादी हुई थी। उसकी पत्नी भी वहीं नौकरी करती है। उसके चार माह की एक बेटी है। रंजीत के साथियों ने बताया कि तीन-चार दिन से उसकी पत्नी से अनबन चल रही थी। अवसाद में आकर शुक्रवार की रात उसने आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही परिवार के लोग गुड़गांव पहुंच गए। बिना पोस्टमॉर्टम कराए ही शव गांव लेकर आए गए।
तीन पीढ़ियों का दर्द समेटे हैं मृतक की बूढ़ी मां व दिव्यांग चाचा
जमालपुर गांव के रणजीत सिंह के बाबा गुरपाल सिंह को एक हत्या के मामले में सजा हो गई थी। तीन साल पहले उनकी जेल में ही मौत हो गई। इसके कुछ समय बाद रंजीत के पिता राकेश की भी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। अब रंजीत भी दुनिया में नहीं रहा। अपनी बूढ़ी मां और दिव्यांग चाचा सत्येंद्र का रंजीत ही सहारा था। इन दोनों का रो-रोकर बुरा हाल है।