उझानी। घरेलू कलह के बाद कमरे में बेहोश पड़े मिले युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। उसके मुंह से झाग निकल रहा था, इससे उसके विषाक्त खाने की आशंका जताई जा रही है। मेडिकल कॉलेज प्रशासन की सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
गांव पिपरौल के राहुल कश्यप (27) पुत्र दुलार सिंह पंजाब प्रदेश में ईंट भट्ठे पर काम किया करता था। 20 दिन पहले ही परिवार के साथ घर लौटा था। इस बीच वह परिवार के साथ मां पूर्णागिरि माता के दर्शन करने भी गए। लौटने के बाद घर में पत्नी से किसी बात पर कलह होने लगी। शनिवार शाम राहुल अपने कमरे में बेहोश पड़े मिले। उनके मुंह से झाग निकल रहे थे। पिता दुलार सिंह समेत परिवार के लोग उन्हें लेकर रात में ही राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचे। इलाज के दौरान रविवार तड़के राहुल ने दम तोड़ दिया।
पिता दुलार सिंह ने पुलिस को पति-पत्नी के बीच कलह होने की बात बताई है। मेडिकल कॉलेज प्रशासन की सूचना पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने मृतक के पिता और छोटे भाइयों से भी घटना की जानकारी ली। परिजनों ने कार्रवाई से इन्कार कर दिया है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव का कछला घाट पर दाह संस्कार कर दिया गया।