म्याऊं। उसावां थाना क्षेत्र के गांव सांड़ी में रविवार को खेत की जोताई के दौरान ट्रैक्टर से गिरकर रोटावेटर में फंसकर एक युवक की मौत हो गई। युवक की मौत के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। युवक गांव के अपने साथियों के साथ खेत पर जोताई देखने गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा भरकर शव का पोस्टमॉर्टम कराया।
थाना क्षेत्र के गांव सांड़ी निवासी अक्षय कुमार (20) पुत्र ओम सिंह अपने दोस्तों के साथ गांव के ही रमेश के ट्रैक्टर पर खेत की जोताई देखने गया था। रमेश का बेटा दीपू गांव के ही मेवाराम के खेत में रोटावेटर से जोताई कर रहा था। इसी दौरान ट्रैक्टर पर बैठा अक्षय अचानक संतुलन खो बैठा और नीचे गिरकर रोटावेटर में फंस गया। उसको नीचे गिरता देखकर चालक ने ट्रैक्टर को रोकने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसे काफी चोट आ चुकी थी। उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। काफी मशक्कत के बाद युवक के शव को रोटावेटर से बाहर निकाला जा सका। युवक की मौत के बाद गांव में शोक का माहौल गया। सीओ दातागंज अशेष नाथ सिंह ने बताया कि घटना की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। अभी इस मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है।