दो बाइकों में आमने-सामने की भिड़ंत, दो युवक घायल
कोतवाली सिविल लाइन क्षेत्र के एमएफ हाईवे स्थित भगवतीपुर ईंट भट्टे के पास सोमवार को दो बाइकों में आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई। अमन कुमार (24 वर्ष) निवासी ग्राम रोटा, थाना वजीरगंज अपनी बाइक से बदायूं से बिसौली की ओर जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहा तेज रफ्तार बाइक सवार संदीप (26 वर्ष) पुत्र जगदीश सिंह निवासी सिलहरी, कोतवाली सिविल लाइंस, बिसौली की ओर से बदायूं जा रहे थे।
भगवतीपुर ईंट भट्टे के समीप पहुंचते ही दोनों बाइकों में आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी बाइकें भी क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद सिलहरी निवासी संदीप की हालत नाजुक देखते हुए उसे बरेली भेज दिया गया है।