राज्य आपदा मोचन बल की टीम ने निकाला शव
- फोटो : अमर उजाला
बदायूं के उझानी में कछला घाट पर कासगंज का युवक मंगलवार को गंगा में स्नान करते समय बह गया। देर शाम तक उसकी तलाश की गई लेकिन सुराग लहीं लग सका। बुधवार को राज्य आपदा मोचन बल की टीम कछला गंगा घाट पर पहुंची। युवक की तलाश शुरू की। करीब 11 बजे युवक के शव को गंगा से बरामद कर लिया। शव देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।
हादसा रेलवे पुल से पश्चिम दिशा में इंग्लिश बाबा के आश्रम के पास मंगलवार दोपहर हुआ था। कासगंज के सोरों कोतवाली क्षेत्र के गांव मल्लाहनगर निवासी आशीष पुत्र हरीसिंह, सूरज पुत्र लालचंद्र और धर्मेंद्र पुत्र श्रीकृष्ण बाइक कछला घाट पर नहाने पहुंचे थे। तीनों दोस्त गंगा नहाने के लिए रेलवे पुल से काफी आगे बढ़ गए। डुबकी लगाते समय धर्मेंद्र (18) गहराई में जाकर बहने लगा तो सूरज और आशीष ने शोर मचाया। कई श्रद्धालु भी आ गए, लेकिन कोई भी उसे बचा नहीं पाया।
देर शाम तक होती रही तलाश
जानकारी के बाद पहुंचे पुलिसकर्मियों ने स्थानीय गोताखोरों और नाविकों को भी मौके पर बुला लिया। गोताखोरों ने दोपहर बाद से ही धर्मेंद्र की खोजबीन शुरू कर दी। आशीष ने फोन करके धर्मेंद्र के पिता समेत परिजनों को बुला लिया। एसडीएम मोहित कुमार की मौजूदगी में शाम तक चले तलाशी अभियान के दौरान भी लापता धर्मेंद्र का पता नहीं चल पाया था।
जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहीं पर पिछले दिनों एक बच्ची बह गई थी। उसका भी अभी तक पता नहीं चल पाया है। बुधवार को करीब 11 बजे राज्य आपदा मोचन बल की टीम ने तलाश शुरू की। इस दौरान गंगा से युवक का शव बरामद कर लिया। शव देखते ही परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।