उझानी (बदायूं)। तीरांदाजी में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में जौहर दिखाने के बाद भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) में चयनित कशिश खान का शुक्रवार को अपने घर पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। उन्हें शील्ड और साफा भेंट किया गया। गूंज सामाजिक जनकल्याण शिक्षा समिति और ओलंपिक संघ के पदाधिकारियों ने कशिश के हौसले की तारीफ की।
आईटीबीपी में चयनित कशिश खान भदवार गर्ल्स इंटर कॉलेज की छात्रा रही हैं। उन्होंने भदवार कॉलेज, गूंज और ओलंपिक संघ की देखरेख में तीरंदाजी में हिस्सा लेकर जिला, मंडल और प्रदेश स्तर पर चमकने के बाद राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में जौहर दिखाया। पिछले महीनों कशिश का आईटीबीपी में खेल कोटा से चयन हुआ। चयनित होने के बावजूद वह आगे की तैयारी में जुटी हुई है। शुक्रवार को वह भदवार गर्ल्स इंटर कॉलेज पहुंची तो गूंज के संरक्षक प्रदीप गोयल और ओलंपिक संघ के जिलाध्यक्ष राजन मेंहदीरत्ता ने कशिश को सम्मानित किया। प्रधानाचार्या सुजाता माथुर ने कशिश की काफी तारीफ की। उन्होंने बताया कि तीरंदाजी में कशिश आठवीं कक्षा से ही होनहार रहीं। सम्मान समारोह में सोहन सिंह, मनोज यादव, कोच इकबाल अहमद, चांद मोहम्मद आदि मौजूद रहे।
कशिश बोली- ओलंपिक तक पहुंचना लक्ष्य
नगर के पठानटोला मोहल्ला निवासी बसीख खान की बेटी कशिश खान का खेल के प्रति शुरू से ही रुझान रहा है। भदवार गर्ल्स इंटर कॉलेज और गूंज के सहयोग से कशिश को संसाधनों में कभी दिक्कत नहीं आई। वह जब भी तीरंदाजी की प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए बाहर गई, हर बार ही गूंज संस्था ने मदद की। कशिश ने बताया कि आईटीबीपी में चयन होने के बाद उनकी आर्थिक दिक्कतें कम हो गई हैं। उसे आगे बढ़ने के लिए सरकारी स्तर से पूरा प्रोत्साहन मिल रहा है। वह आने वाले दिनों में तैयारी पूरी करके ओलंपिक में चमकना चाहती है।