उसावां। ग्राम नगरिया अभय में पटाखे चलाने को लेकर बच्चों के बीच हुए विवाद ने तूल पकड़ लिया। आरोप है कि इसी रंजिश के चलते चार लोगों ने सोमवार आधी रात को एक घर में घुसकर युवक पर धारदार हथियार और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
ग्राम नगरिया अभय निवासी प्रमोद कुमार पुत्र पूरन सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि आठ नवंबर को उनके बच्चों और पड़ोसी जितेंद्र उर्फ भूदल के बच्चों के बीच पटाखे चलाने को लेकर कहासुनी हो गई थी। इसी रंजिश में नौ नवंबर की रात करीब साढ़े बारह बजे जितेंद्र, अमीर सिंह, दलबीर और अवधेश पुत्र बृजराज उनके घर में घुस आए।
आरोप है कि सभी ने उनके भाई राजवीर पर धारदार हथियार और लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित के अनुसार, घायल राजवीर का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद 16 नवंबर को थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी गई। सीओ अशेषनाथ सिंह ने बताया कि पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।