घायल बबलू का उपचार करते सीएचसी के कर्मचारी। संवाद
- फोटो : samvad
बिल्सी। गांव मझारा में पुरानी रंजिश खत्म करने की बात कहना एक युवक को भारी पड़ गया। आरोप है कि युवक के चाचा और चचेरे भाई ने लाठी-डंडों व लोहे के हथियार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
ग्राम मझारा निवासी बबलू पुत्र हरीबाबू सोमवार को अपने घर की बैठक पर बैठा था। पीड़ित के अनुसार, उन्होंने अपने चाचा से परिवार की पुरानी रंजिश और विवाद समाप्त करने की बात कही। आरोप है कि यह बात चाचा और चचेरे भाई को नागवार गुजरी, जिसके बाद दोनों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों और लोहे के हथियार से बबलू पर हमला कर दिया। हमले में बबलू के सिर में गंभीर चोट आई। वह मौके पर ही गिर पड़े।
घटना के दौरान चीख-पुकार सुनकर एक ग्रामीण ने तत्काल डायल-112 पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की सहायता से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिल्सी भेजा। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने और सिर में गहरी चोट होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सीओ बिल्सी आलोक सिद्दू ने बताया कि तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।