इस्लामनगर। थाना क्षेत्र के एक गांव में 13 वर्षीय किशोरी को मक्के के खेत में खींचकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। घटना के दौरान किशोरी की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिन्हें देखकर दोनों आरोपी भाग निकले। पुलिस ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस मामले में एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसकी पुष्टि संवाद न्यूज एजेंसी नहीं करती।
थाना क्षेत्र के एक गांव से शनिवार अपराह्न दो बजे किशोरी साइकिल से भवीपुर क्षेत्र की एक राइस मिल में धान रखकर घर लौट रही थी। रास्ते में दो युवकों ने उसे रोक लिया और पास के मक्के के खेत में खींच ले गए। आरोप है कि एक युवक खेत के बाहर निगरानी करता रहा, जबकि दूसरे ने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की, जान से मारने की धमकी दी।
किशोरी की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण खेत की ओर दौड़े। ग्रामीणों को आता देख आरोपी मौके से भाग निकले। ग्रामीणों ने किशोरी को बदहवास हालत में खेत से बाहर निकालकर परिजनों को सूचना दी। इसके बाद परिजन उसे थाने ले गए और कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया है।
पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया है। मेडिकल परीक्षण एवं उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। - आलोक सिद्धू, सीओ, बिल्सी