बीजों में घपलों ओर घोटालों को लेकर पैदा हो रहीं समस्याओं निदान शायद अब हो सकेगा। केंद्र सरकार ने किसानों को अनुदान की व्यवस्था अब उनके सीधे खातों में करने की व्यवस्था बनाई है। इसके लिए किसानों का पंजीकरण पांच अप्रैल से 15 अप्रैल तक किया जा रहा है।
डीडी कृषि डॉ. अमरनाथ मिश्रा ने इस संबंध में बताया कि वर्ष 2015-16 के लिए केंद्र सरकार बीजों पर अनुदान किसान के सीधे खाते में देगी। उनका विभाग इस व्यवस्था में पूरा सहयोगी बनेगा। खरीफ की फसल के लिए संकर बीजों में अनुदान के लिए यही व्यवस्था लागू होगी। धान, मक्का, ज्वार, बाजरा के संकर बीजों के लिए डीडी कार्यालय किसानों को पंजीयन की सूचना 20 अप्रैल को दे देगा। केंद्र सरकार ने छह-छह मंडलों का ग्रुप तैयार कर बीज वितरण को तीन चक्र बनाए हैं। पहले चक्र में एक मई से सात मई, दूसरे चक्र में आठ से 15 मई और तीसरे चक्र में 16 से 22 मई को विशेष कैंपों में बीज वितरण की व्यवस्था होगी।
कैंप लगाएंगी बीज कंपनियां
ब्लाक स्तर पर पहले आओ पहले पाओ की तर्ज पर बीज वितरण के लिए संकर बीज की कंपनियां अपने-अपने कैंप लगाएंगी। जहां से किसान को पूरे मूल्य पर बीज मिलेगा। वहीं एक निर्धारित फार्म भरवाया जाएगा। बाद में किसान को उसके खाते डीडी कार्यालय से अनुदान की राशि भेज दी जाएगी।