उसहैत। उसहैत थाना क्षेत्र में एक युवक का शव उसके घर के कमरे में फंदे से लटका मिला है। मामले की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू की है।
पुलिस के अनुसार, अजय यादव (22) पुत्र साधु सिंह का विवाह पिछले वर्ष अप्रैल में जनपद प्रतापगढ़ की युवती से हुआ था। बताया जा रहा है कि शादी के बाद से ही उसकी पत्नी अधिकतर समय अपने मायके में रहती थी। युवक के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था, जिसके चलते वह काफी समय से अवसाद में रह रहा था।
शुक्रवार देर रात अजय घर में अकेला था। इसी दौरान उसने अपने कमरे में साड़ी का फंदा बनाकर छत के पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। शनिवार सुबह जब आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई तो उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू की। थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि अभी तक किसी प्रकार की तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
ककराला के युवक ने दिल्ली में फंदे से लटककर दी जान
ककराला। ककराला नगर निवासी एक युवक ने राजधानी दिल्ली के शाहीन बाग इलाके में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना से परिवार में कोहराम मच गया है। मृतक की पहचान फारिक खान (40) पुत्र मोहम्मद तारिक, निवासी वार्ड नंबर 15 ककराला के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का सामने आया है। परिजनों और स्थानीय लोगों के मुताबिक फारिक खान पिछले करीब दो वर्षों से अवसाद से जूझ रहा था। उसकी पत्नी भी पिछले दो वर्षों से मायके में रह रही थी, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान और अकेलापन महसूस कर रहा था।मृतक के परिवार में दो बच्चे हैं। पड़ोसियों के अनुसार वह पिछले कुछ समय से गुमसुम रहता था और लोगों से कम मेलजोल रखता था। संवाद
सड़क किनारे मिला युवक का शव, दुर्घटना की आशंका
बदायूं। उसहैत थाना क्षेत्र में शुक्रवार की देर रात एक युवक का शव सड़क किनारे मिला। प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम खेड़ा जलालपुर निवासी अजीत कश्यप (20) पुत्र कल्याण कश्यप शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे गांव में स्थित फूलमाला मंदिर पर लगे मेले में दोस्तों के साथ गया था। काफी समय बीत जाने के बाद जब वह घर वापस नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उसकी तलाश शुरू कर दी।
तलाश के दौरान रात करीब 10:30 बजे अजीत कश्यप सड़क किनारे घायल अवस्था में अपनी मोटरसाइकिल के पास पड़ा मिला। मौके पर उसकी बाइक की चैन उतरी हुई थी और युवक के एक कान में इयरफोन भी लगा हुआ था, जिससे अंदेशा जताया जा रहा है कि हादसे के समय वह इयरफोन लगाए हुए था।
परिजन आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को मोर्चरी में रखवाया गया और शनिवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
थाना प्रभारी उसहैत देवेंद्र सिंह ने बताया कि यह मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। युवक के सिर में गहरी चोट पाई गई है, साथ ही शरीर पर भी कई जगह चोट के निशान मिले हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। संवाद