बदायूं। एक युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से परिजन उसे इलाज के लिए बरेली ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
घटना सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के पंचपीर मजरा के पास की है। थाना अलापुर क्षेत्र के गांव आसपुर निवासी 19 वर्षीय आतिफ अपने पिता विदरीश के साथ कोर्ट में चल रहे मुकदमे की नकल लेने शुक्रवार को बदायूं कचहरी आया था। परिजनों के मुताबिक, वह वकील से मिलने गया था, तभी पुरानी रंजिश के चलते पांच लोगों ने उसे घेरकर गोली मार दी।
गंभीर हालत में घायल आतिफ को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे भर्ती कराने वाले कुछ युवकों ने उसका नाम और पता गलत दर्ज करा दिया, जिससे शुरुआती जांच में पुलिस भ्रमित हो गई। बाद में परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए बरेली ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह, सीओ दातागंज राहुल पाण्डेय समेत सिविल लाइंस पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया है।
परिजनों के अनुसार, आतिफ पांच भाइयों में सबसे छोटा था और खेती-किसानी के साथ बड़े शहरों में फल का ठेला लगाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। एसपी सिटी ने बताया कि युवक की मौत गोली लगने से हुई है। घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। परिजनों की तरफ से जो तहरीर मिलेगी उसी के आधार पर कार्रवाई होगी।