दातागंज। थाना क्षेत्र के गांव पापड़ में अजय (20) ने अपने घर में बृहस्पतिवार की शाम फंदे पर लटककर जान दे दी।
गांव पापड़ निवासी देवेंद्र के पुत्र अजय की शादी एक वर्ष पूर्व ही हुई थी। उसकी पत्नी रक्षाबंधन पर अपने मायके गई हुई थी। बताते हैं कि अज्ञात कारणों से अजय ने बृहस्पतिवार को घर में एक अलग कमरे में कुंडे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। कुछ देर बाद परिजनों ने उसके शव को फंदे से लटका देखा तो घर में चीख-पुकार मच गई। पुलिस को सूचना दे दी गई। पुलिस ने शव उतरवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया।
वहीं पत्नी को घटना की जानकारी हुई तो वह रोती-बिलखती ससुराल पहुंच गई। सीओ अशेष नाथ सिंह ने बताया कि घटना के संबंध में तहरीर मिलने और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने पर ही वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। संवाद
किशोर के आत्महत्या करने के मामले में एक युवक के खिलाफ केस दर्ज
बदायूं। करीब 10 दिन पहले किशोर के फांसी लगाकर आत्महत्या करने के मामले में मृतक के पिता ने गांव के ही एक युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि युवक रुपयों को लेकर किशोर को लगातार प्रताड़ित कर रहा था। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव भज्जी की मढैयां निवासी चौब सिंह ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में कहा है कि उनके 17 वर्षीय बेटे दीपक ने 24 अगस्त को घर में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली थी। पिता का आरोप है कि गांव का ही मोहित उर्फ देवेश उनके बेटे से रुपयों की मांग को लेकर उसे परेशान और प्रताड़ित कर रहा था। कथित प्रताड़ना से क्षुब्ध होकर दीपक ने यह कदम उठाया था। सीओ सीओ सिटी सुमेध मिलंद जाधव ने बताया कि पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद