बिसौली। कोतवाली क्षेत्र के निकटवर्ती गांव सर्वा में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 26 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत हो गई।
गांव सर्वा निवासी सुगरपाल पुत्र कुंवर पाल सुबह करीब आठ बजे मक्का की फसल की सिंचाई करने अपने ट्यूबवेल पर गया था। जैसे ही उसने स्टार्टर दबाया, करंट की चपेट में आकर वह गंभीर रूप से झुलस गया।
पास से गुजर रहे गांव के दिनेश कुमार ने चीख सुनकर मौके पर पहुंचकर देखा। उन्होंने तुरंत गांव में सूचना दी। ग्रामीणों की मदद से उसे नगर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपने परिवार का इकलौता सहारा था। बचपन में मां की मौत के बाद पिता ने ही उसका पालन पोषण किया था। मृतक की पत्नी नीतू और तीन छोटे बच्चे शिवा (6 वर्ष), स्वाति (5 वर्ष) और अरुण (3 वर्ष) हैं, जिनका रो रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कराया है। संवाद