घरेलू झगड़े के बाद घर के पास की टंकी पर चढ़ा युवक। संवाद
बदायूं। घरेलू झगड़े से नाराज एक युवक शुक्रवार शाम करीब तीन बजे पानी की टंकी पर चढ़ गया। घर के पास टंकी पर युवक के चढ़ने की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पांच घंटे तक चले हाई-वोल्टेज ड्रामा से मौके पर अफरातफरी मची रही। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और युवक को 5 घंटे बाद देर शाम करीब 8 बजे नीचे उतारने में सफल हो सकी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, डाक बंगला निवासी तारिक घर में किसी बात को लेकर हुए झगड़े से नाराज था। इसके बाद वह पानी की टंकी पर चढ़ गया। ऊंचाई पर पहुंचने के बाद युवक को नीचे उतारने के लिए पुलिस ने उससे बातचीत शुरू की। घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंच गई।
टीम ने सुरक्षा के इंतजाम किए और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश की। पांच घंटे तक पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम युवक को समझाने में जुटी रही। काफी मशक्कत के बाद 5 घंटे से अधिक समय बाद टीमें युवक को नीचे उतारने में सफल हो सकी। पुलिस अधिकारियों ने युवक से बातचीत करने का भी प्रयास किया, तब जाकर युवक नीचे उतारा।
पुलिस के अनुसार, डाक बंगला निवासी तारिक शराब का आदी है। उसके शराब पीने के कारण से उसका परिवार व अन्य लोगों से झगड़ा होता रहता है। सीओ सहसवान अशोक कुमार सिंह ने बताया कि टीमें लगातार मौके पर मौजूद रहीं। टीमों ने प्रयास कर युवक को नीचे उतार लिया।