सहसवान में एसडीएम को ज्ञापन देते श्रमिक। संवाद
सहसवान। नगर में साप्ताहिक बाजार बंदी दिवस के दौरान दुकानें खुलने के विरोध में व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर काम करने वाले श्रमिकों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। साथ ही उन्होंने कार्रवाई की मांग की।
श्रम विभाग ने सहसवान में शुक्रवार का दिन साप्ताहिक बाजार बंद के लिए निर्धारित किया है। पिछले कुछ समय से बाजार बंदी दिवस बेअसर साबित हो रहा है। बंदी के दिन भी आम दिनों की तरह नगर की अधिकतर दुकानें खुली रहती हैं। इसके चलते काम करने वाले श्रमिकों को शुक्रवार को भी दुकानों पर काम करने जाना पड़ता है। साप्ताहिक बाजार बंदी दिवस बेअसर होने पर श्रमिकों ने एसडीएम प्रेमपाल सिंह को शिकायती पत्र देकर इस संबंध में अवगत कराया। शिकायती पत्र में कहा है कि अगर बंदी दिवस में श्रमिक दुकानों पर नहीं आते हैं, तो दुकान स्वामी मानदेय काट लेते हैं। उन्होंने एसडीएम से बाजार बंदी दिवस का पालन कराए जाने की मांग की। शिकायती पत्र पर जुनैद, हसीम, अर्जुन, राजा, फहीम, सोहिल, बिलाल, फैजान, शोएब आदि शामिल रहे। संवाद