प्याऊ की टंकी से टैंक गिरने के बाद मौके पर जानकारी करती पुलिस। संवाद
बदायूं। रेलवे स्टेशन रोड स्थित मैकूलाल पुलिस चौकी के पास बृहस्पतिवार देर रात मसाला डोसा की दुकान पर काम कर रहे मजदूर की पानी से भरे टैंक से दबकर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि 500 लीटर का ये टैंक नगर पालिका के प्याऊ पर रखा हुआ था, जो तेज हवा के झोंके में गिर गया। हादसे के बाद दुकान पर मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। पुुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के माल गोदाम रोड निवासी राकेश (25) पुत्र राजेश रेलवे स्टेशन रोड स्थित मसाला डोसा की दुकान पर बर्तन धोने का काम पिछले डेढ़ माह से करते आ रहे थे। रोज की तरह बृहस्पतिवार को भी वह दुकान पर काम करने आए थे। डोसे की दुकान के पास ही नगर पालिका के प्याऊ की टंकी लगी हुई है।
टंकी के पास ही राकेश बर्तन धो रहे थे। प्याऊ की टंकी के ऊपर रखा पानी से भरा टैंक हवा के झोंके में उनके ऊपर गिरा गया। टैंक के गिरने से वह उसी के नीचे दब गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। दुकान पर मौजूद लोगों ने बड़ी मशक्कत से टैंक को हटाया और राकेश को निकाला। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
शुक्रवार को पोस्टमॉर्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया। सीओ सिटी एएसपी सुमेध मिलिंद जाधव ने बताया कि शव का पोस्टमॉर्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजनों की ओर से कार्रवाई के लिए अभी कोई शिकायत नहीं की गई है।
प्याऊ की टंकी से टैंक गिरने के बाद मौके पर जानकारी करती पुलिस। संवाद