बदायूं। बरेली-मथुरा हाईवे के चौड़ीकरण के चौथे चरण का काम तेजी से चल रहा है। जिला प्रशासन ने इस चरण में जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज कर दी है। ताकि किसानों को समय पर मुआवजा दिया जा सके। किसानों को अब तक करीब 23 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है।
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की ओर से बरेली-मथुरा रोड पर कुल चार चरणों में काम किया जा रहा है। चौथे चरण में जिले के 13 गांव शामिल हैं, जहां 1655 किसानों की लगभग 31 हेक्टेयर जमीन अधिग्रहित की जाएगी। किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने पारदर्शी तरीके से भुगतान प्रक्रिया शुरू की है। कुल 58 करोड़ रुपये का मुआवजा तय किया गया है, जिसमें से अब तक करीब 23 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है।
यह राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में पहुंचाई गई है। तीसरे चरण में अधिग्रहित जमीन पर निर्माण कार्य पहले ही शुरू हो चुका है और चौथे चरण के काम शुरू होते ही परियोजना में गति आई है। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि इस परियोजना से जिले के विकास को बढ़ावा मिलेगा और लोगों को बेहतर सड़क और यातायात सुविधा उपलब्ध होगी।
एनएचएआई के पीडी उत्कर्ष शुक्ला ने बताया कि चौथे चरण का यह काम बदायूं से बरेली तक 520 बी हाईवे पर अंतिम चरण होगा। उन्होंने कहा कि दो चरणों का काम पहले ही पूरा हो चुका है और चौथे चरण के पूरा होने से हाईवे की चौड़ीकरण परियोजना पूरी हो जाएगी।