बदायूं। जनपद की टूटी सड़कों को दुरुस्त करने के लिए लोक निर्माण विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। विभाग की ओर से निर्माण खंड-दो के तहत उसहैत, सहसवान और बिसौली क्षेत्र की 35 सड़कों के निर्माण और मरम्मत के लिए टेंडर जारी कर दिए गए हैं। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि सभी कार्यों को दो माह की समय सीमा में पूरा किया जाएगा।
जिले मेंं बारिश और भारी वाहनों की आवाजाही से कई सड़कों की हालत जर्जर हो चुकी है। आवागमन में हो रही असुविधा को देखते हुए विभाग ने इन्हें प्राथमिकता सूची में शामिल किया। इसके बाद शासन के लिए कार्य योजना बनाकर भेज दी गई। वहां से मंजूरी मिलने के बाद में लाेक निर्माण विभाग की टीम ने सड़कों को बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
अधिशासी अभियंता नरेश कुमार ने बताया कि गुणवत्ता के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। कार्य के हर चरण की निगरानी की जाएगी। ठेकेदारों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि काम तय समय और तकनीकी मानकों के अनुसार पूरा किया जाए। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से खराब सड़कों से परेशानी झेलनी पड़ रही थी।
अब मरम्मत कार्य शुरू होने से क्षेत्र में विकास की गति बढ़ेगी और परिवहन सुविधाएं बेहतर होंगी। विभाग का दावा है कि आने वाले दो माह में सभी सड़कों पर सुचारु यातायात बहाल हो जाएगा।