खिड़कियों पर लगाने के लिए तैयार करते ग्रिल। स्रोत विभाग
बदायूं। मेडिकल कॉलेज की तीसरी और चौथी मंजिल की 76 खिड़कियों पर ग्रिल लगाने का काम रविवार से शुरू हो गया। 3.5 लाख रुपये की लागत से पूरे भवन में ग्रिल लगाने का काम निर्माण निगम एक हफ्ते में पूरा कर लेगा। यहां बता दें कि हाल ही में चौथी मंजिल से एक टीबी के मरीज ने कूदकर आत्महत्या कर ली थी। उसके बाद प्राचार्य और सीएमएस ने निर्माण निगम को पत्र लिखकर ग्रिल लगाने को कहा था।
संभल जनपद के थाना जुनावई क्षेत्र के टीबी रोगी सुभाष ने हाल में मेडिकल कॉलेज की चौथी मंजिल से कूदकर जान दे दी थी। इससे पहले भी इसी साल दो मरीज कूदकर अपनी जान दे चुके हैं। तभी से खिड़कियों पर ग्रिल न होने का मुद्दा उठा तो मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य और सीएमएस ने उत्तर प्रदेश निर्माण निगम को पत्र लिखकर ग्रिल लगाने को कहा।
हालांकि दोनों विभाग ने एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप भी लगाए थे, लेकिन डॉक्टर लगातार पत्राचार करते रहे। इसी के चलते निर्माण निगम के द्वारा ग्रिल लगाने का काम शुरू कर दिया गया है। रविवार को पहले दिन चौथी मंजिल की खिड़कियों पर ग्रिल लगाने का काम किया गया। सोमवार को चौथी मंजिल की सभी 38 खिड़कियों पर ग्रिल लग जाएगी। इसके बाद तीसरी मंजिल पर काम शुरू होगा। दोनों मंजिलों पर 38-38 खिड़कियां हैं। इस कार्य में निर्माण निगम साढ़े तीन लाख रुपये खर्च कर रहा है।
हादसे से पहले भी दो बार ग्रिल लगाने के लिए दो बार पत्र निर्माण निगम को लिखे गए थे, लेकिन ग्रिल नहीं लगाई गई। हादसे के बाद लगातार पत्राचार किया गया। अब रविवार से ग्रिल लगनी शुरू हो गई है। - अरुण कुमार, प्राचार्य मेडिकल कॉलेज
साढ़े तीन लाख रुपये की लागत से ग्रिल लगाई जा रही है। रविवार से काम शुरू कर दिया गया है। इसी सप्ताह दोनों मंजिलों की खिड़कियों में ग्रिल लगा दी जाएगी। दोनों मंजिलों पर 38-38 खिड़कियां हैं। - अशोक कुमार, जेई निर्माण निगम
खिड़कियों पर लगाने के लिए तैयार करते ग्रिल। स्रोत विभाग