बदायूं। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र की शिव कॉलोनी गली नंबर-दो निवासी एक महिला ने ससुराल पक्ष पर लगातार प्रताड़ित करने, मारपीट करने और घर से निकालने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। महिला ने सिविल लाइंस थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
महिला का कहना है कि उसने मुस्लिम धर्म छोड़कर हिंदू युवक से प्रेम विवाह किया था। विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष उसका विरोध कर रहा है। आरोप है कि ससुर, सास, ननद, देवर समेत अन्य परिजन आए दिन उसके साथ मारपीट करते हैं, जातिसूचक एवं अभद्र टिप्पणियां करते हैं और घर छोड़ने का दबाव बनाते हैं।
मंगलवार सुबह भी लाठी-डंडों से मारपीट करने का आरोप लगाया। महिला ने तहरीर में कहा है कि वह सनातन परंपरा के अनुसार, पूजा-पाठ और सभी पर्व-त्योहार मनाती है, लेकिन ससुराल पक्ष पूजा की सामग्री तक नष्ट कर देता है। उसका आरोप है कि घर में खुलेआम शराब पी जाती है, जिसका विरोध करने पर उसके साथ दुर्व्यवहार किया जाता है। महिला ने दावा किया है कि गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार के वीडियो भी उसके पास मौजूद हैं। महिला ने बताया कि उसके दो छोटे बच्चे हैं और उसका पति मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं।
एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि मामला में जांच करवाकर कठोर कार्रवाई की जाएगी।