फैजगंज बेहटा। एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल महिला ने सोमवार को मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। यह हादसा 24 अप्रैल को फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र में हुआ था, जहां एक तेज रफ्तार बोलेरो कार ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी थी।
मृतक की पहचान रामपुर जिले के सेफनी थाना क्षेत्र के मझरा इबदन खां गांव निवासी 52 वर्षीय मालवती के रूप में हुई है। मालवती अपनी भतीजी की शादी में शामिल होने जा रही थीं। उनके साथ ई-रिक्शा में बेटी अंशु (17 वर्ष), पोती वर्षा, पोता सौरभ (5 वर्ष) और ई-रिक्शा चालक रामशाह भी सवार थे।
बोलेरो की टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा में सवार सभी लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल सभी घायलों को आसफपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया था। मालवती की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद पहले संभल और फिर मुरादाबाद के निजी अस्पताल रेफर किया गया था।
परिजनों के अनुसार, सोमवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे में घायल अन्य लोगों का इलाज अभी जारी है। पुलिस ने इस मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। संवाद