बदायूं। तीन माह पहले मारपीट में घायल हुई महिला की मंगलवार शाम को मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी तो शव को जिला मुख्यालय भेजा गया। बुधवार को पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कादरचौक थाना क्षेत्र के गांव भकौड़ा निवासी सूरजवती ने 14 दिसंबर 2025 को गांव के ही सचिन व उनकी पत्नी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बताया था कि दस दिसंबर को अपराह्न करीब एक बजे दोनों उसके घर के सामने आकर पुरानी कहासुनी को लेकर गाली देने लगे। विरोध करने पर दोनों ने मारपीट कर दी। जिसमें सूरजवती व उसके बेटे को चोटें आईं। महिला के सिर में गंभीर चोट आने से उसका उपचार चल रहा था।
इन तीन महीनों में पुलिस ने मारपीट की रिपोर्ट में चार्जशीट भी दोनों आरोपियों के खिलाफ कोर्ट में दाखिल कर दी। अब तीन महीने के बाद महिला की मौत हाेने के बाद परिवार के लोगों ने मारपीट में घायल होने की वजह से मौत होने की बात पुलिस को बताई तो पुलिस भी चक्कर में पड़ गई। हालांकि पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराने क बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मामले की जांच कराई जा रही है। परिजनों के आरोपो की जांच व रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई कराई जाएगी। जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। - सुनील कुमार सिंह, सीओ उझानी