बदायूं के सदर कोतवाली क्षेत्र में महिला की मौत के मामले में उसकी दो बहुओं समेत तीन लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। मृतका के पति ने जमीन के लिए हत्या का आरोप लगाया है।
बदायूं के सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला शिवपुरम गली नंबर तीन में शनिवार शाम एक महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। रविवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। रिपोर्ट में पसलियां टूटने की वजह से मौत की वजह सामने आई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
विज्ञापन
शिवपुरम निवासी उमाशंकर की कपड़े की दुकान है। शनिवार रात वह दुकान बंद करके घर लौटे तो उनकी पत्नी विमला (50) बेहोशी की हालत में घर में जमीन पर पड़ी थीं, जबकि उनके बेटे एवं बहू भी घर पर मौजूद थे। वह पत्नी को लेकर जिला अस्पताल लाए। जहां डॉक्टर ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
पति ने मौत पर जताया था संदेह
रविवार की सुबह उमाशंकर को पत्नी की मौत पर संदेह हुआ तो उन्होंने पुलिस को पोस्टमार्टम कराने के लिए तहरीर दी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। देर शाम आई रिपोर्ट में महिला की मौत का कारण पसलियां टूटना बताया गया।
विज्ञापन
उमाशंकर ने पुलिस को बताया कि उनकी पत्नी के नाम पर बिनावर के गांव सरसवा में करीब 35 बीघा जमीन है। इस जमीन को उनके बेटे-बहू बेचना चाहते हैं। उमाशंकर ने पत्नी की पीटकर हत्या का आरोप लगाया। उनकी तहरीर पर पुलिस ने मृतका की दो बहुओं समेत तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।