सहसवान के गांव नगला वरन में महिला की मौत के बाद गमगीन बैठे परिजन व गांव की महिलाएं। संवाद
सहसवान। कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला वरन में मंगलवार रात एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि महिला को देर रात खून की उल्टियां हुईं थी। बुधवार को पुलिस ने महिला का शव पोस्टमार्टम को भेजा लेकिन देर होने की वजह से होनहीं सका है। आज उसके शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला वरन निवासी रोहिताश की शादी करीब आठ महीने पहले जरीफनगर थाना क्षेत्र के गांव रसूलपुर कलां निवासी वीरवती (22) से हुई थी। होली पर वीरवती अपने मायके गई थी। मंगलवार को रोहिताश वीरवती को ससुराल से बुला कर अपने घर लाया था। परिवार वालों और ग्रामीणों ने बताया कि मंगलवार को देर रात वीरवती को खून की उल्टियां हुईं। परिजन उसे अस्पताल ले गए। यहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव घर ले आए। अस्पताल से सूचना मिलने पर पुलिस गांव पहुंच गई। बुधवार दोपहर बाद मृतका के मायके वाले भी यहां पहुंच गए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। सहसवान कोतवाल राजेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि महिला का शव पोस्टमार्टम को भेजा है। रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी। आरोप प्रत्यारोप की कोई तहरीर नहीं मिली है।