दहगवां। सामान्य प्रसव के बाद महिला के पेट में उठा दर्द और कुछ घंटे बाद ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला के शव का पोस्टमॉर्टम कराया है। वहीं, मृतक के परिजनों ने स्टाफ नर्स पर 2500 रुपये लेने का आरोप लगाया है।
थाना जरीफनगर के गांव सिरसा खुर्द निवासी आकाश ने गर्भवती पत्नी ललिता (20) को शुक्रवार रात 11 बजे दहगवां सीएचसी में भर्ती कराया। शनिवार सुबह करीब साढ़े छह बजे सामान्य प्रसव से बेटा का जन्म हुआ। उसके कुछ देर बाद महिला की हालत बिगड़ गई। यह देख डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिजन उसको जैसे ही गेट से बाहर ले गए तो उसकी मौत हो गई, जबकि बेटा स्वस्थ है। युवती की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेज दिया। वहीं, परिजनों ने आरोप लगाया की स्टाफ नर्स ने प्रसव के कराने के लिए उनसे 2500 रुपये लिए हैं। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. पीयूष यादव का कहना है कि उनके पास पीड़ित पक्ष की ओर से कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। अगर, शिकायत आती है तो जांच कराके कार्रवाई की जाएगी।