उझानी में कोतवाली के सामने हंगामा करते शक्को गुट के किन्नर। संवाद
उझानी। कई दिनों से किन्नरों के दो गुट के बीच चल रहा विवाद शनिवार दोपहर सड़क पर आ गया। शक्को किन्नर ने दूसरे पक्ष पर कमरे का ताला तोड़ने का आरोप लगाया। दूसरे पक्ष ने डेरे पर आकर गाली गलौज करने और इलाके में हस्तक्षेप करने की शिकायत की है। इसे लेकर एक पक्ष के किन्नरों ने कोतवाली के बाहर हंगामा कर दिया।
शांति और शक्को किन्नर ने बताया कि बहादुरगंज मोहल्ले में उनका कमरा है। पिछले दिनों दूसरे गुट के किन्नरों ने उनके कमरे का ताला तोड़कर सामान गायब कर दिया है। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई को तहरीर भी दी गई थी। इसकी भनक लगते ही आरोपी पक्ष के किन्नर भी कोतवाली पहुंच गए। दोनों गुट के बीच कहासुनी होने पर पुलिस ने किन्नरों को बाहर बैठा दिया। इससे शांति समेत उनके गुट के किन्नर भड़क गए। उन्होंने कोतवाली के सामने सड़क पर हंगामा शुरू कर दिया। दरोगा जुगमेंद्र बालियान समेत पुलिस कर्मियों ने उन्हें शांत किया।
दूसरे पक्ष की सना किन्नर ने पुलिस को बताया कि उन्हें और उनके साथियों को बेवजह परेशान किया जा रहा है। शनिवार दोपहर जब वह अपने डेरे पर मौजूद थी तभी शांति और शक्को ने गाली गलौज की। वह उनके इलाके में आकर हस्तक्षेप करते हैं। पिछले महीने सना पर तमंचे से हमला भी कराया जा चुका है। पुलिस ने दोनों पक्ष के किन्नरों को शांत कर घर भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि दोनों पक्ष की शिकायतों पर जांच की जा रही है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उझानी में कोतवाली के सामने हंगामा करते शक्को गुट के किन्नर। संवाद