बदायूं के वजीरगंज में मृतक कन्यावती उर्फ रामसनेही का फाइल फोटो-
वजीरगंज। थाना क्षेत्र के गांव बीरमपुर में दीपावली की शाम पारिवारिक विवाद के बाद महिला की विषाक्त पदार्थ खाने से मौत हो गई।
गांव बीरमपुर निवासी रामसनेही उर्फ कन्यावती (32) पत्नी छत्रपाल कश्यप दीपावली मना रही थीं। इसी दौरान उनकी ननद लज्जा का फोन आया। फोन पर बातचीत के दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। फोन पर बातचीत समाप्त होने के बाद घर में भी कहासुनी हुई थी। हालत बिगड़ने पर परिजनों को इसकी जानकारी हुई थी।
महिला के भाई रामप्रकाश निवासी गांव ननखेड़ा थाना बिनावर ने पुलिस को सूचना दी। इस बीच महिला की मौत हो गई। सूचना पहुंची पुलिस ने जांच की।
पोस्टमॉर्टम हाउस पर पति छत्रपाल ने बताया कि बहन से कन्यावती की फोन पर कुछ कहासुनी हो गई थी। कुछ विषाक्त पदार्थ खाने का शक था, इसलिए पोस्टमॉर्टम करा रहे हैं। सीओ बिसौली अंशुमन श्रीवास्तव ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर पोस्टमॉर्टम कराया गया है। थाने पर कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। संवाद