दहगवां में हादसे में घायल महिला को सीएचसी ले जाती पुलिस। संवाद
- फोटो : हाईवे पर स्केटिंग कर महाकुंभ के लिए जाता छात्र हिमांशु सैनी।
फैजगंज बेहटा। थाना क्षेत्र में कछला-शाहबाद मार्ग पर बृहस्पतिवार सुबह सड़क पार कर कूड़ा डालने जा रही महिला डंपर की चपेट में आ गई। हादसे में महिला की मौत हो गई। टक्कर मारने के बाद चालक डंपर लेकर मौके से भाग गया। पुलिस ने महिला के शव का पोस्टमॉर्टम कराया है।
फैजगंज बेहटा क्षेत्र के गांव भोजपुर निवासी मुन्नी बेगम (50) पत्नी भूरे सुबह घर का कूड़ा डालने के लिए बाहर निकली थीं। वह कछला-शाहबाद मार्ग पर सड़क पार कर रहीं थीं। इसी बीच तेज रफ्तार डंपर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर लगने से मुन्नी बेगम की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक डंपर लेकर भाग गया।
हादसे की खबर सुनकर मुन्नी के परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची फैजगंज बेहटा पुलिस ने हादसे की जानकारी लेकर महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। परिजनों ने अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस आरोपी चालक की तलाश में जुट गई है।
बाइकों की भिड़ंत में दंपती घायल
दहगवां। उस्मानपुर के पुल पर बाइकों की भिड़ंत में दंपती घायल हो गए। पुलिस ने घायल दंपती को सीएचसी पर भेजा। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सहसवान नगर के मोहल्ला बंगला निवासी सूरज पत्नी मीरा के साथ बाइक से नोएडा जा रहे थे। वह जरीफनगर के उस्मानपुर पुल पर पहुंचे। इसी दौरान पीछे से आ रही बाइक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। दंपती सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को दहगवां सीएचसी भेजा। उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। संवाद