घायलों, मरीजों और प्रसूताओं के लिए जिला और जिला महिला अस्पताल रोड पर लगने वाला जाम कभी की मौत की वजह बन सकता है। सोमवार को भी यह रोड घंटों जाम के झाम में फंसा रहा। जाम में कई एंबुलेंस भी रेंगती हुई नजर आईं। बिना किसी ट्रैफिक प्लान के सड़कों पर दौड़ रहे वाहन परेशानी का सबब बनते जा रहे हैं।
लावेला चौक से कलक्ट्रेट की ओर आने वाली सड़क अक्सर जाम के झाम में फंस जाती है। इसी रोड पर जिला और जिला महिला अस्पताल भी हैं। सब रजिस्ट्री कार्यालय और जिला न्यायालय भी इसी रोड पर है। इस रोड पर काफी व्यस्त रहने वाले इस रोड पर ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए सिर्फ एक होमगार्ड की तैनाती रहती है। बेपटरी यातायात से आए दिन यह रोड घंटों जाम रहता है। जिला और जिला महिला अस्पताल मरीजों, घायलों और प्रसूताओं को लेकर आने वाली एंबुलेंस भी जाम में फंसी रहती हैं। सोमवार को करीब दो घंटे तक रोड जाम रहा। गनीमत रही कि जाम में कोई ऐसी एंबुलेंस नहीं फंसी जिसमें गंभीर मरीज या प्रसूता हो।
इन इलाकों में लगता है जाम
डीएम रोड, कचहरी, लालपुल तिराहा, जालंधरी सराय चौराहा, लावेला चौक, सुभाष चौक, गद्दी चौक, इंदिरा चौक, पुलिस लाइंस चौराहा, रोडवेज तिराहा, गोपी चौक
कुछ इलाकों में अतिक्रमण की वजह से जाम लगता है। इन इलाकों में जल्द अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा। -विजय बहादुर, सिटी मजिस्ट्रेट