एक बाइक पर चार, दूसरी पर तीन, वो भी बिना हेलमेट
बिना हेलमेट, ट्रिपल राइडिंग के चलते फिर एक दर्दनाक हादसा सामने आया। मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर जिन दो बाइकों में आमने-सामने की टक्कर हुई, उसमें एक बाइक पर तीन और दूसरी पर चार लोग सवार थे। इनमें एक बच्ची भी शामिल है। हेलमेट लगाकर एक बाइक पर दो सवारी होती शायद हादसा इतना बड़ा न होता।
अलापुर थाना क्षेत्र में खरखोली मोड़ के पास दो बाइकों की टक्कर में चार मरने वालों में दो मामा-भांजे थे। बाइक पर मामी भी सवार भी थीं, जिनकी हालत गंभीर बनी हुई है। इसी तरह दूसरी बाइक पर चार भी रिश्तेदार सवार थे। इनमें दो की मौत हुई। हादसे की खबर मिलने पर अलापुर से दर्जनों लोग घटना स्थल पर पहुंच गए। गुस्साए लोगों ने मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर जाम लगा दिया। हालात गंभीर होने पर एसडीएम सदर जंग बहादुर यादव, सीओ सिटी अभिषेक यादव कई थानों के फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। जाम लगाने वाले लोग ट्रक को बरामद करने की मांग कर रहे थे। बाद में अधिकारियों ने सभी को समझाबुझा कर शांत कराया। करीब पांच घंटे के बाद हाईवे पर यातायात सामान्य हो सका।