पहले दो बाइक भिड़ीं, फिर ट्रक ने रौंदा, चार लोगों की मौत
खरखोली मोड़ के पास दो बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। इतने में पीछे से आ रहे ट्रक ने दोनों बाइक पर सवार लोगों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे चार लोगों की मौत हो गई। कोई भी बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए था। हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर पांच घंटे जाम लगाया।
अलापुर कस्बे के वार्ड नंबर 12 का रहने वाला 27 वर्षीय दिलशाद अपने मामा वार्ड नंबर 14 के रहने वाले 40 वर्षीय निशरत के साथ बाइक से बदायूं आ रहा था। साथ में निशरत की पत्नी 37 वर्षीय किशवर जहां भी थी। खरखोली मोड़ पर इनकी बाइक सामने से आ रही बाइक से टकरा गई। इस पर शाहजहांपुर के थाना कलान के गांव जयलाल नगला निवासी 26 वर्षीय वकील अपनी बहन 29 वर्षीय विनीता पत्नी सौदान, रिश्तेदार मछेंद्र निवासी कुलचौरा थाना सिविल लाइंस और तीन साल की भांजी के साथ थे, ये लोग कलान की ओर जा रहे थे। दोनों बाइक में आमने-सामने की भिड़ंत से ये सभी लोग गिर गए। तभी वे तेजी से आ रहे ट्रक की चपेट में आ गए। हादसे में वकील और दिलशाद की मौके पर मौत हो गई। बाकी लोग गंभीर घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल लाया गया। इलाज के दौरान निशरत और मछेंद्र ने भी दम तोड़ दिया। किशवर जहां को यहां से रेफर कर दिया गया।