गंगा एक्शन प्लान का पैसा खपाने की तैयारी तेज हुई
वित्तीय वर्ष खत्म होने में महज एक महीना बाकी है और स्वच्छ भारत अभियान और गंगा एक्शन प्लान के तहत पूरे जनपद में लगभग 15 हजार शौचालयों के निर्माण का लक्ष्य अधूरा है। चालू वित्तीय वर्ष के लिए मंजूर 14996 शौचालयों में से अभी तक 8039 शौचालयों का ही निर्माण हो सका है, लगभग आधे शौचालय एक महीने में कैसे बन जाएंगे, यह बड़ा सवाल है। जाहिर है कि ऐसे में, शौचालयों का पैसा खपाने की तैयारी की जा रही है।
जिले में गंगा एक्शन प्लान के तहत निर्माण के लिए मंजूर हुए 14996 शौचालयों का निर्माण सहसवान ब्लाक की 14 ग्राम पंचायतों, कादरचौक ब्लाक की चार, उसावां ब्लाक की नौ और उझानी ब्लाक की आठ ग्राम पंचायतों में कराया जाना था। इसके लिए लगभग 14 करोड़ रुपये का बजट शासन से जारी हुआ था। शुरू में तो पंचायत राज विभाग के अफसर कछुआ चाल से चलते रहे और अब जब वित्तीय वर्ष खत्म होने जा रहा है तो अफसरों में खलबली मची हुई है। जिले में अब तक बने 8039 शौचालयों में बाकी 6957 शौचालय बनने बाकी हैं। हालांकि जिला पंचायत राज अधिकारी यानी डीपीआरओ का कहना है कि बाकी सारे शौचालयों का निर्माण समय रहते पूरा करा लिया जाएगा लेकिन अहम सवाल यह है कि एक महीने में इतने शौचालय बन पाएंगे। जाहिर है कि आनन-फानन में पैसा खपाया जाएगा।
-------
गंगा एक्शन प्लान के तहत बाकी शौचालयों के निर्माण का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। इस बाबत निर्देश जारी किए जा चुके हैं। 31 मार्च तक लक्ष्य पूरा करा देगें।
-डॉ. प्रीतम सिंह डीपीआरओ